रामायण द्वार, सरयू में पुष्पक विमान और डिजिटल रामायण, दीपोत्सव में दिखेगा भव्य सांस्कृतिक रंग *30 से अधिक देशों तक पहुंचेगा अयोध्या का दीपोत्सव, भारतीय दूतावासों के जरिए प्रवासी भारतीयों को न्योता *युवा बनें परंपराओं के वाहक, दीपोत्सव की तैयारियों में सुनिश्चित करें सक्रिय भागीदारी :जयवीर सिंह

MyGov यूपी पर आम लोगों से लिए जाएंगे सुझाव, भव्य और नवाचारपूर्ण होगा दीपोत्सव 2026

लखनऊ, 23 सितंबर 2026:


अयोध्या में दीपोत्सव 2026 को और भव्य एवं नवाचारपूर्ण बनाने के लिए इस बार आम लोगों और युवाओं को भी शामिल किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि MyGov यूपी के माध्यम से जनता से दीपोत्सव को लेकर सुझाव आमंत्रित किए जाएं, ताकि आयोजन में नए और बेहतर विचारों को शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि युवाओं को दीपोत्सव की तैयारियों से सक्रिय रूप से जोड़ने के साथ उन्हें प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं का वाहक और संवाहक बनाया जाए। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बुधवार को अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात के साथ दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं, शहर की सजावट, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। 


बैठक में दीपोत्सव-2026 को अब तक का सबसे भव्य आयोजन बनाने के लिए लगभग 30 लाख दीप जलाने, अयोध्या की सड़कों और सरयू तट को रामायण आधारित सजावट से सजाने तथा देश-विदेश से लोगों की भागीदारी बढ़ाने की योजना है। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि युवाओं को दीपोत्सव की तैयारियों में सक्रिय रूप से जोड़ा जाए और उन्हें हमारी सांस्कृतिक परंपराओं का वाहक बनाया जाए। बैठक में यह भी तय किया गया कि आयोजन में नए विचारों को शामिल करने के लिए आम लोगों से प्राप्त सुझावों पर भी विचार किया जाएगा।


दीपोत्सव में इस बार 2,100 ड्रोन शो प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। बैठक में ड्रोन शो को दीपोत्सव के दिन के साथ दो दिन बाद होने वाले जमघट में भी आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को इसे दोबारा देखने का अवसर मिल सके। इसके अलावा लाइव प्रस्तुतियों के साथ 3डी प्रोजेक्शन, लेजर शो और म्यूजिकल ग्रीन फायरवर्क्स भी आयोजन का हिस्सा होंगे। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न देशों के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रियों अथवा उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की योजना है। 30 से अधिक देशों में भारतीय दूतावासों और राजदूतों के माध्यम से प्रवासी भारतीयों को भी दीपोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।


पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों को अयोध्या में प्रमुख स्थानों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शहर में आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने दीपोत्सव के दिन सुबह 4 बजे से भजन प्रसारण की व्यवस्था करने को कहा, जिससे सुबह से ही अयोध्या में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बनाया जा सके। अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने ऐसे सेल्फी प्वाइंट विकसित करने के निर्देश दिए, जिनसे पैदल चलने वाले लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो। उन्होंने रामायण के अलग-अलग कांडों पर आधारित सड़क किनारे लगाए जाने वाले इंस्टॉलेशन में एक लाइन में सरल भाषा में कहानी की जानकारी देने को कहा, ताकि छोटे बच्चे भी उसे आसानी से समझ सकें।


बैठक में धर्मपथ पर रामायण आधारित 10 प्रवेश द्वार बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा अयोध्या आने वाले प्रमुख मार्गों पर तीन अन्य रामायण द्वार बनाए जाने की योजना है, जिनमें सुल्तानपुर और रायबरेली मार्ग भी शामिल हैं। सरयू में पुष्पक विमान का स्थायी स्वरूप वाला इंस्टॉलेशन लगाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया। दीपोत्सव के दौरान 2,100 से अधिक बटुकों द्वारा सामूहिक सरयू आरती कराने, 240 से अधिक मंदिरों और मठों में दीप प्रज्ज्वलन तथा उद्योग एवं व्यापार संगठनों के सहयोग से 25 प्रमुख चौराहों को सजाने की योजना है, जिससे शहर के प्रमुख इलाकों और सार्वजनिक स्थानों तक उत्सव का माहौल पहुंच सके।


संस्कृति विभाग की ओर से देश-विदेश की रामलीला मंडलियों की प्रस्तुतियां, पारंपरिक लोकनृत्य और साकेत कॉलेज से रामकथा पार्क तक झांकियों की शोभायात्रा आयोजित करने की तैयारी है। कार्यक्रम में भरत मिलाप और भगवान राम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक को भी शामिल किया जाएगा। पिछले वर्ष 100 बच्चों की भागीदारी वाली वानर सेना को इस बार और विस्तारित करने की योजना है। संग्रहालय परिसर में डिजिटल रामायण, राम वन गमन मार्ग पर आधारित मूर्तियां, राम थीम वाला बाजार तथा पुस्तकों और चित्रों की प्रदर्शनी लगाने की योजना है। इसके साथ ही 'श्रीराम की वैश्विक यात्रा' नाम से विशेष प्रस्तुति भी प्रस्तावित है।


बैठक में दीप प्रज्ज्वलन की व्यवस्थाओं, स्वयंसेवकों के समन्वय और श्रद्धालुओं की संख्या गिनने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई। तैयारियों में जिला प्रशासन, श्री अयोध्याजी तीर्थ विकास परिषद और डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की भागीदारी रहेगी। सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत और राम की पैड़ी क्षेत्र में चल रहे कार्यों को समय से पूरा करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की कुल 284 विकास परियोजनाओं की सूची की समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं की कुल लागत 5,452.79 करोड़ रुपये है। इनमें 4,130.25 करोड़ रुपये की 152 परियोजनाओं के लोकार्पण और 1,322.54 करोड़ रुपये की 132 परियोजनाओं के शिलान्यास का प्रस्ताव शामिल है।


*Box- नई पीढ़ी को कला-संस्कृति से जोड़ने के लिए होंगी कार्यशालाएं*


बैठक में उत्तर प्रदेश में कला और संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए 2026 में तीन प्रमुख कला कार्यशालाओं और शिविरों का आयोजन प्रस्तावित किया गया है। अयोध्या में 22 से 26 अक्टूबर 2026 तक डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के सहयोग से राम की पैड़ी/गुप्तार घाट पर ‘राम, रामायण और अयोध्या’ राष्ट्रीय कार्यशाला एवं व्याख्यान श्रृंखला आयोजित होगी। इसमें 25 कलाकार और 10 विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसी क्रम में लखनऊ राज्य ललित कला अकादमी की ओर से 18 से 22 नवंबर 2026 तक ‘लोकधारा’ पारंपरिक एवं लोक चित्रकला कला शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय, लखनऊ विश्वविद्यालय के कला एवं शिल्प संकाय, एमिटी विश्वविद्यालय और यूनिटी कॉलेज सहयोगी संस्थान होंगे।

Read Previous

Samsung goes big in India factory ever created

Read Next

Samsung goes big in India factory ever created

Add Comment

Sign up for the Newsletter

Join our newsletter and get updates in your inbox. We won’t spam you and we respect your privacy.