भारत टैक्सी’ पर योगी का विजन, ड्राइवरों को मिलेगा सम्मान
नई दिल्ली, 23 सितंबर 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहकारिता आंदोलन की भूमिका और उसके नेतृत्व को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व में सहकारिता आंदोलन देश में नई गति हासिल कर रहा है और भारत की समृद्धि से जुड़ रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “वास्तव में सहकारिता हम सबके दिनचर्चा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन सहकारिता की कमान किन लोगों के हाथों में है, यह उस आंदोलन की सफलता इस पर निर्भर करती है।”
उन्होंने कहा, “अगर आप नकारात्मक हाथों में और भ्रष्ट हाथों में अस्त्र-शस्त्र दे देंगे तो ये उसको विध्वंसात्मक, शोषण और अराजकता का उस सत्य का दुरुपयोग करेंगे। लेकिन अगर वही शक्ति, सकारात्मक सोच, कल्याणकारी सोच के हाथों में देंगे तो वह शस्त्र-अस्त्र समाज और राष्ट्र की सुरक्षा का कारण बनता है।”
मुख्यमंत्री ने सहकारिता के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलुओं की ओर इशारा करते हुए कहा, “सहकारिता भी एक दुधारी तलवार है, इसका अच्छा पक्ष भी है और बुरा पक्ष भी है। अच्छी लीडरशिप हो, अच्छा नेतृत्व हो तो सहकारिता समृद्धि का कारण बनता है। अगर लीडरशिप गलत हो तो समाज की अराजकता का कारण भी सहकारिता बन सकता है।”
उन्होंने 2014 से पहले देश और 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के माहौल का जिक्र करते हुए कहा कि सहकारिता का क्षेत्र भी उससे अछूता नहीं था। योगी ने सहकारिता मंत्रालय के गठन को एक महत्वपूर्ण बदलाव बताया और कहा कि आज इसके परिणाम दिखाई दे रहे हैं।
योगी ने कहा कि टैक्सी, दोपहिया और तिपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को भारत टैक्सी से जोड़ने की पहल की जा रही है। उनके मुताबिक रजिस्ट्रेशन के साथ ये लोग जीरो कमीशन पर भारत टैक्सी का हिस्सा बन सकेंगे और उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा कवरेज मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इन ड्राइवरों के लिए सामाजिक सुरक्षा की व्यवस्था नहीं थी और उन्हें अपने हाल पर छोड़ दिया जाता था। भारत टैक्सी के जरिए उनके काम को सम्मान और सुरक्षा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जब कोई चालक अपनी गाड़ी पर भारत टैक्सी का ब्रांड लगाएगा, तो उसे यह गौरव महसूस होगा कि वह सिर्फ यात्रियों को लाने-ले जाने का काम नहीं कर रहा, बल्कि देश की गति को प्रगति में बदलने वाली व्यवस्था का हिस्सा है।
Add Comment