भारतीय कला-संस्कृति को मिलेगा विश्वस्तरीय मंच, भातखंडे के नए परिसर की रूपरेखा पर हुआ मंथन
गांवों की तरक्की से बनेगा विकसित भारत: केशव मौर्य
लखनऊ, 6 जुलाई 2026
विश्व ग्राम्य विकास दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर गांवों पर टिकी है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा ग्राम्य विकास से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण विकास को गति देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उनके अनुसार, गांवों का समग्र विकास ही समाज के अंतिम पायदान तक विकास का लाभ पहुंचाने और सामाजिक-आर्थिक असमानताओं को कम करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विश्व ग्राम्य विकास दिवस का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों से गरीबी और भुखमरी को समाप्त करना, प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना तथा 'जीरो हंगर' के लक्ष्य को हासिल करना है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2030 तक निर्धारित सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को सफल बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक उन्नति जैसे लक्ष्य गांवों तक प्रभावी रूप से पहुंचना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, कौशल विकास कार्यक्रमों, स्वरोजगार योजनाओं और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देकर लाखों परिवारों की आजीविका को मजबूत किया जा सकता है। साथ ही किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई सुविधाएं, कृषि यंत्रीकरण, वैज्ञानिक खेती और बेहतर विपणन व्यवस्था उपलब्ध कराकर कृषि को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है, जिससे खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी और किसानों की आय में निरंतर वृद्धि होगी।
श्री मौर्य ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पक्की सड़कें, निर्बाध बिजली, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार विकास को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों को भी शहरी क्षेत्रों जैसी मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल साक्षरता, बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार, डिजिटल भुगतान और ऑनलाइन सरकारी सेवाओं की उपलब्धता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक सशक्त और पारदर्शी बना रही है, जिससे योजनाओं का लाभ सीधे और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंच रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और उत्तर प्रदेश सरकार भी ग्रामीण अधोसंरचना, रोजगार सृजन, कृषि विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वयं सहायता समूहों के सुदृढ़ीकरण, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से विश्व ग्राम्य विकास दिवस पर समृद्ध, स्वावलंबी, स्वच्छ, शिक्षित और विकसित गांवों के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा, "समृद्ध और सशक्त गाँव ही विकसित राष्ट्र की सबसे मजबूत नींव होते हैं। जब गाँव आगे बढ़ेंगे, तभी उत्तर प्रदेश और भारत विश्व के अग्रणी राष्ट्रों की श्रेणी में और अधिक मजबूती से स्थापित होंगे।"
Add Comment