खेलों को नई दिशा देने का संदेश, युवाओं से सीएम योगी की अपील

लखनऊ, 6 जुलाई  2026


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखे पत्र में खेलों को विकसित उत्तर प्रदेश की पहचान का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों को अपनी नियमित दिनचर्या में शामिल करने और अभिभावकों से बच्चों की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल पदक हासिल करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश लगातार नई सफलताएं दर्ज कर रहा है। उन्होंने बताया कि 65वीं राष्ट्रीय अंतरराज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रदेश की पुरुष टीम ने 20 पदक जीतकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं जापान में आयोजित पुरुष अंडर-18 हॉकी एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश के पांच खिलाड़ियों की भागीदारी भी प्रदेश के लिए गर्व का विषय रही। उन्होंने कहा, “खेलने वाला ही खिलता है।” इसके साथ ही उन्होंने क्रिकेटर दीप्ति शर्मा, पैरालंपिक ऊंची कूद खिलाड़ी प्रवीण कुमार, भाला फेंक एथलीट अनू रानी, दृष्टिबाधित धाविका सिमस्त शर्मा और शतरंज ग्रैंडमास्टर वतिका अग्रवाल जैसी प्रतिभाओं का भी उल्लेख किया।


योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चैंपियन एक दिन में तैयार नहीं होते और मजबूत खेल संस्कृति भी समय के साथ विकसित होती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, कौशल विकास और खेल सुविधाओं को लगातार बेहतर बना रही है। विभिन्न प्रतियोगिताओं को अब युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर बनाया जा रहा है और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देकर उनके भविष्य को भी सुरक्षित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान, प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और हर जिले में आधुनिक स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तैयार है, जबकि प्रत्येक मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर दें और उसे कभी दबाएं नहीं। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों और युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम होने के साथ-साथ स्वास्थ्य, अनुशासन, संघर्ष, समर्पण, सहयोग, सम्मान, सकारात्मक सोच और सफलता जैसे मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल करियर निर्माण और सपनों को साकार करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल भावना सभी को साथ लेकर चलने और हर बार बेहतर प्रदर्शन का संकल्प विकसित करती है। यही सोच जीवन में सफलता और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का मजबूत आधार बनती है।


Read Previous

Samsung goes big in India factory ever created

Read Next

Samsung goes big in India factory ever created

Add Comment

Sign up for the Newsletter

Join our newsletter and get updates in your inbox. We won’t spam you and we respect your privacy.