रिकॉर्डतोड़ सफलता के बीच महिला टी20 विश्व कप 2026 का महामुकाबला, लॉर्ड्स में भिड़ेंगी ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड

नई दिल्ली, 5 जुलाई 2026


आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 ने दर्शकों की भागीदारी और वैश्विक पहुंच के नए मानक स्थापित किए हैं। टूर्नामेंट के फाइनल से पहले इसकी अभूतपूर्व लोकप्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है, जबकि खिताबी मुकाबले में क्रिकेट की दो सबसे सफल टीमें—ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड—एक बार फिर आमने-सामने हैं। इस बीच आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने टूर्नामेंट की रिकॉर्डतोड़ सफलता को महिला क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।


जय शाह ने एक्स पर लिखा, “हमारा मकसद था कि यह टी20 विश्व कप अब तक का सबसे बड़ा हो, और रिकॉर्ड तोड़ने वाली भीड़ और दुनिया भर में टीवी और डिजिटल पर भारी व्यूअरशिप के साथ, हमने वह हासिल कर लिया है।” उन्होंने दोनों फाइनलिस्ट टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया को बेस्ट ऑफ लक, जो लॉर्ड्स में फाइनल में जरूर शानदार मुकाबला करेंगे।” रविवार को लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर दोनों अपराजित टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को, जबकि इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है।


महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में यह चौथा अवसर है जब ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड फाइनल में आमने-सामने हैं। 2012, 2014 और 2018 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने जीत दर्ज की थी। छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, जिसकी कप्तानी सोफी मोलिनक्स कर रही हैं, अब सातवें खिताब की कोशिश में उतरेगी। दूसरी ओर, नट साइवर-ब्रंट की अगुआई वाला इंग्लैंड 2009 में लॉर्ड्स पर मिली अपनी ऐतिहासिक जीत को दोहराते हुए दूसरा टी20 विश्व कप खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।


फाइनल मुकाबले के साथ टूर्नामेंट का समापन भी यादगार बनने की उम्मीद है। क्लोजिंग सेरेमनी में वैश्विक संगीत कलाकार रीटा ओरा और क्लीन बैंडिट विशेष प्रस्तुति देंगे। रिकॉर्ड दर्शक संख्या, जबरदस्त वैश्विक व्यूअरशिप और रोमांचक फाइनल के साथ महिला टी20 विश्व कप 2026 महिला क्रिकेट के इतिहास में एक नई मिसाल कायम करने की ओर बढ़ चुका है.


Read Previous

Samsung goes big in India factory ever created

Read Next

Samsung goes big in India factory ever created

Add Comment

Sign up for the Newsletter

Join our newsletter and get updates in your inbox. We won’t spam you and we respect your privacy.