Flood Crisis in Odisha’s Sorada as Rising River Waters Submerge Town and Villages
बीजेपी विधायक ने योगी आदित्यनाथ को बताया ‘कलयुग का हनुमान’
लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से बीजेपी विधायक प्रदीप चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए उन्हें ‘कलयुग का हनुमान’ बताया। उन्होंने यह बयान अन्नदाता किसान विजय संकल्प रैली के दौरान दिया। विधायक के मुताबिक, किसानों ने केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों के समर्थन में इस रैली का आयोजन किया।
प्रदीप चौधरी ने बताया कि रैली में हजारों की संख्या में ट्रैक्टर शामिल हैं और पांच हजार से अधिक लोग इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 2017 के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसानों और आम जनता के लिए कई काम किए गए हैं।
बीजेपी विधायक ने किसान सम्मान निधि, पांच लाख रुपये के मुख्यमंत्री कृषक बीमा, गन्ना भुगतान और मुफ्त सरकारी बिजली जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, व्यापारियों के पलायन पर रोक और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दिए जाने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज उत्तम से अति-उत्तम प्रदेश की दिशा में आगे बढ़ रहा है और चारों ओर रामराज्य की स्थापना हो रही है।
प्रदीप चौधरी ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र के किसानों ने स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में यह रैली निकालने का निर्णय लिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं। विधायक ने आगामी चुनाव में बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनने और योगी आदित्यनाथ के फिर मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद भी जताई। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से अन्नदाता किसान विजय संकल्प रैली निकाली जा रही है।
Add Comment