Breaking News :

Sunday, 20 September 2026

धामी का कांग्रेस पर हमला, बोले- झूठ के सहारे खड़े हैं विपक्ष के मुद्दे

नई  दिल्ली,सितंबर 18, 2026


उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के पास सरकार को घेरने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों को झूठ पर आधारित बताते हुए हल्द्वानी के दलित नैरेटिव से लेकर UIDB की जमीन और बिजली खरीद के मुद्दे पर सरकार का पक्ष रखा। धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास, रोजगार, निवेश और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है।


UIDB को लेकर कांग्रेस के 7 हजार बीघा जमीन बेचने के आरोप पर धामी ने कहा, "उसके बाद UIDB को लेकर जो उन्होंने कहा कि 7 हजार बीघा जमीन बेच दी है, औने-पौने दामों में बेच दी है, देखिए UIDB का उद्देश्य यहां पर रोजगार लाना है, निवेश लाना है, यहां का पर्यटन बढ़ाना है, नई-नई संभावनाओं को तलाशना है..." उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया भारत सरकार और नीति आयोग की प्रक्रिया के आधार पर आगे बढ़ाई गई है और अभी UIDB को 45 एकड़ जमीन भी नहीं मिली है। बिजली खरीद को लेकर उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय 2014-15 में हुए समझौतों का असर आज भुगतना पड़ रहा है, जबकि मौजूदा बिजली खरीद राज्य की दीर्घकालिक जरूरतों को ध्यान में रखकर की गई है।


धामी ने कांग्रेस पर राजनीतिक रूप से कमजोर होने का आरोप लगाते हुए कहा, "इनके पास कोई मुद्दा नहीं है, दरअसल वो बौखलाए हैं कि उनको जमीन पर पैर रखने के लिए कहीं जगह नहीं मिल रही है उत्तराखंड के अंदर।" उन्होंने आगे कहा कि सरकार राज्य के किसी भी काम में गड़बड़ी नहीं होने देगी और पिछली सरकारों की कथित गड़बड़ियों को भी उजागर करेगी। चुनाव आयोग, EVM, प्रशासन और SIR प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लिया।


अंकिता भंडारी मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना से सभी लोग आहत हुए थे और सरकार ने पहले दिन से कार्रवाई की। उन्होंने कहा, "अंकिता भंडारी का जो दुर्भाग्यपूर्ण जो घटना हुई उससे हम सभी आहत रहे हैं, शुरू से आहत रहे हैं और पहले दिन से हमने उस पर कार्रवाई की है, उसी कार्रवाई का परिणाम है कि 3 लोग आजीवन कारावास में आज जेल के अंदर बंद हैं।" धामी ने बताया कि अंकिता के माता-पिता की मांग पर CBI जांच की सिफारिश की गई है और मामले में जांच जारी है। उन्होंने कहा कि CBI सभी पक्षों को सुनकर आगे की कार्रवाई करेगी।


धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ न्याय सुनिश्चित करने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर अंकिता भंडारी मामले को बार-बार उठाकर उनकी आत्मा को झकझोरने जैसा काम करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस के पास ठोस मुद्दों की कमी के कारण ऐसे विषयों को उठाया जा रहा है।

Read Previous

Samsung goes big in India factory ever created

Read Next

Samsung goes big in India factory ever created

Add Comment

Sign up for the Newsletter

Join our newsletter and get updates in your inbox. We won’t spam you and we respect your privacy.