लौकी को ऐसे बनाये तो बच्चे मांग मांग कर खाएंगे
घर में सबसे पहले बच्चों का मुँह बन जाता है लौकी के नाम से, लौकी एक ऐसी सब्जी होती है, जिसे खाना हर कोई पसंद नहीं करता है। यही कारण है कि घरों में जब इसे बनाया जाता है, तो इसे खाने पर सब मुंह बनाते हैं, लेकिन जब आप इसका भर्ता बनाकर खिलाएंगी तो इससे बच्चे भी खुश हो जाएंगे, और आपको उन्हें लौकी खिलाने का मौका मिल जाएगा। आइए बताते हैं आपको लौकी के भर्ता बनाने की रेसिपी, जिसे बनाना काफी आसान है। साथ ही इसका स्वाद भी काफी अच्छा आता है। आइए इसकी रेसिपी आपके साथ शेयर करते हैं।
लौकी का भर्ता बनाने की विधि
ज्यादातर लोग लौकी उबालकर भर्ता बनाते हैं, लेकिन असली स्वाद इसे भूनने में है। लौकी पर हल्का सा तेल लगाएं और उसे गैस की आंच पर सीधा भूनें।
जब ऊपरी परत काली पड़ जाए और लौकी नरम हो जाए, तो इसे आंच से उतार लें। ठंडा होने पर छिलका साफ करें और इसे अच्छी तरह मैश कर लें।
एक कड़ाही में तेल या घी गरम करें। इसमें जीरा, हींग और राई का तड़का लगाएं। अब इसमें बारीक कटे प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें।
प्याज भुन जाने के बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालें। इसके बाद कटे हुए टमाटर डालकर थोड़ा नमक डालें ताकि टमाटर जल्दी गल जाएं।
अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च डालें। मसाले से तेल अलग होने तक इसे पकाएं।
लौकी का भर्ता बनाने का अन्य तरीका
जब मसाला पक जाए, तो इसमें 2 चम्मच फेंटा हुआ दही डालें। यह भर्ते के कसैलेपन को खत्म कर उसे एक रिच और स्मूथ टेक्सचर देगा, जो बच्चों को बहुत पसंद आता है।
अब तैयार मसाले में मैश की हुई भुनी हुई लौकी डालें। इसे अच्छी तरह मिलाएं और 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर ढककर पकाएं ताकि लौकी मसालों का स्वाद सोख ले।
अंत में गरम मसाला और बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें। अगर आप चाहें तो ऊपर से एक छोटा चम्मच देसी घी भी डाल सकते हैं।
Add Comment