Raashii Khanna Completes Film Schedule, Reflects on Strength and Gratitude
गाजियाबाद में बारिश का कहर, तीन हादसों में गई 3 लोगों की जान
नई दिल्ली, 9 जुलाई 2026
गाजियाबाद में गुरुवार को हुई भारी बारिश कई परिवारों के लिए दुखद साबित हुई। जलभराव और बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। कहीं ट्रांसफार्मर में करंट उतरने से युवक ने दम तोड़ा, तो कहीं घर में भरे पानी में तीन वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गई। वहीं तेज बहाव के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी नाले के पानी के साथ सड़क पर मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
इंदिरापुरम के ज्ञानखंड क्षेत्र में सफाई के दौरान ट्रांसफार्मर में करंट उतरने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरी कॉलोनी में भारी बारिश के बाद नालों का पानी सड़क पर फैल गया। इसी दौरान करीब 45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव पानी के साथ तैरता हुआ मिला। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
विजयनगर के सर्वोदय नगर में भारी बारिश के कारण एक घर में पानी भर गया, जहां तीन वर्षीय मानवी उर्फ पल्लवी की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने मुआवजे के साथ जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए एनएच-9 पर जाम लगा दिया। प्रशासन के आश्वासन और काफी समझाइश के बाद रात करीब आठ बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।
मृत बच्ची के पिता सुमित ठाकुर मूल रूप से फर्रुखाबाद जिले के सिरौली गांव के रहने वाले हैं। वह पिछले करीब एक वर्ष से सर्वोदय नगर की गली नंबर-16 में किराये के मकान में रहकर सब्जी की ठेली लगाते हैं और परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी खुशबू देवी, छह वर्षीय बड़ी बेटी आरवी और तीन वर्षीय मानवी उर्फ पल्लवी थी। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, जबकि लगातार हो रही बारिश के बीच शहर में जलभराव और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर लोगों की चिंता भी बढ़ गई।
Add Comment