Amit Shah Unveils Museum of Word to Celebrate India’s Linguistic Legacy
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का यूरोप दौरा, तीन देशों के साथ रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती
दिल्ली, 19 जुलाई 2026
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु रविवार सुबह नई दिल्ली से मोल्दोवा, उत्तर मैसिडोनिया और रोमानिया की राजकीय यात्रा के लिए रवाना हो गईं। 19 से 25 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस दौरे का उद्देश्य इन यूरोपीय देशों के साथ भारत के राजनीतिक, आर्थिक, व्यापारिक और तकनीकी सहयोग को और मजबूत करना है। इस यात्रा को भारत और पूर्वी यूरोप के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मोल्दोवा गणराज्य, उत्तरी मैसेडोनिया गणराज्य और रोमानिया के राजकीय दौरे पर गई हैं। यह भारत के किसी राष्ट्रपति का मोल्दोवा और नॉर्थ मैसेडोनिया का पहला दौरा है और तीन दशकों में रोमानिया का पहला राष्ट्रपति दौरा है। इस दौरे से इन देशों के साथ भारत के संबंधों को नई रफ्तार मिलेगी।”
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने विशेष प्रेस ब्रीफिंग में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की यात्रा के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि यह दौरा ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि पहली बार किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा और उत्तर मैसिडोनिया की द्विपक्षीय यात्रा हो रही है, जबकि रोमानिया में किसी भारतीय राष्ट्रपति का यह 30 वर्षों से अधिक समय बाद पहला राजकीय दौरा होगा। इससे पहले ऐसी यात्रा वर्ष 1994 में हुई थी।
सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि भारत और मोल्दोवा के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति की यह पहली यात्रा है। उन्होंने कहा कि मोल्दोवा ने वर्ष 2023 में नई दिल्ली में अपना दूतावास खोला था। यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास का प्रतीक मानी जा रही है और इसके माध्यम से पूर्वी यूरोप के साथ भारत के संबंधों को और व्यापक तथा मजबूत बनाने की दिशा में नई गति मिलने की उम्मीद है।
Add Comment